पंजाब में स्कूलों की बदलेगी टाइमिंग: सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा स्कूल, एक नवंबर से लागू होंगे आदेश
पंजाब में एक नवंबर 2024 से स्कूल नए समय से लगेंगे। पंजाब सरकार ने राज्य में बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है अब स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेंगे। पंजाब के शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। आपको बता दें कि पूरे पंजाब में 19 हजार से ज्यादा स्कूल हैं। जिनमें सरकारी, गैर-सरकारी, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूल शामिल हैं। इन सभी स्कूलों पर ये आदेश लागू होंगे।
पंजाब में स्कूलों का समय एक सेशन में तीन बार बदलता है। सबसे पहले एक अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक रहता है। इसके बाद एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक प्राइमरी स्कूलों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से ढाई बजे तक और मिडल से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्कूलों का समय सुबह साढ़े 8 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक रहता है।
वहीं एक नवंबर से 28 फरवरी तक प्राइमरी स्कूलों की टाइमिंग 9 बजे से 3 बजे तक और मिडिल से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक रहता है।